प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण को लेकर रविवार को हरिद्वार में मध्य हरिद्वार मंडल के बूथ संख्या 159,वार्ड संख्या 19 खन्ना नगर में विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं हरिद्वार की महापौर श्री मति किरण जैसल ने पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम को सुना। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री द्वारा देश के विकास, जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, युवाओं की भूमिका तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यक्त विचारों को गंभीरता से सुना।
कार्यक्रम के उपरांत कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों को जोड़ने वाला एक सशक्त संवाद मंच बन चुका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समय-समय पर समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, वैज्ञानिकों, खिलाड़ियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की प्रेरणादायक कहानियों को देश के सामने रखते हैं, जिससे सकारात्मक परिवर्तन की भावना को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तुत विचार समाज में जनजागरण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा का कार्य करते हैं।
मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों के प्रयासों और उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलती है, जिससे लोगों में राष्ट्रहित में योगदान देने की भावना और मजबूत होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें तथा समाज के सकारात्मक बदलाव में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर महापौर किरण जैसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समाज के उन अनदेखे नायकों को सामने लाते हैं, जो अपने कार्यों से देश और समाज में परिवर्तन ला रहे हैं। यह कार्यक्रम लोगों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने की प्रेरणा देता है।

