देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान 2014 के चर्चित अंकित हत्याकांड के आरोपी के रूप में हुई।
बुधवार देर रात देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में लूट की वारदात के बाद पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान ऐसे आरोपी के रूप में हुई है, जो साल 2014 के चर्चित अंकित हत्याकांड में भी शामिल रहा था।
प्रेस वार्ता में पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए पुलिस के आई जी और एसएसपी ने बताया कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू की।

चेकिंग के दौरान पुलिस को जंगल की ओर जाती एक संदिग्ध काली कार दिखाई दी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल बदमाश की पहचान अकरम पुत्र महबूब, निवासी, शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके पास से एक देशी पिस्टल, कारतूस और लूट का सामान बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अकरम पर 2014 के अंकित हत्याकांड में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जबकि शामली पुलिस ने भी उस पर 5 हजार रुपये का इनाम रखा था। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट और डकैती समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।

