स्ववेद प्ले ग्रुप एवं शिवडेल स्कूल, हरिद्वार में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया हेल्पर्स डे।

शिक्षा हरिद्वार

स्ववेद प्ले ग्रुप एवं शिवडेल स्कूल, हरिद्वार में हेल्पर्स डे अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने समाज के सहायक वर्गों के प्रति अपनी कृतज्ञता एवं सम्मान को भूमिका-अभिनय के माध्यम से व्यक्त किया। स्ववेद प्ले ग्रुप के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने डॉक्टर, पुलिसकर्मी, सफाईकर्मी, नर्स एवं अग्निशमनकर्मी जैसे विभिन्न सहायक वर्गों की भूमिकाओं का जीवंत अभिनय प्रस्तुत किया।

उनकी मासूम अदाओं और भावपूर्ण प्रस्तुति ने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया। कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने भाषण, सामाजिक भूमिका-निवर्तन, एवं पोस्टर मेकिंग के माध्यम से अपनी प्रतिभा और जागरूकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उनके विचारों में समाज के प्रति सम्मान, सहयोग और कृतज्ञता की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही थी। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्रद्धेय स्वामी शरदपुरी जी ने कहा कि समाज के ये सहायक वर्ग हमारे जीवन की आधारशिला हैं, जिनकी निस्वार्थ सेवा से ही हमारा दैनिक जीवन सुचारु रूप से संचालित होता है। विद्यार्थियों द्वारा इनके प्रति सम्मान प्रकट करना उनके श्रेष्ठ संस्कारों और उज्ज्वल भविष्य का परिचायक है। विद्यालय के प्राचार्य श्री अरविंद बंसल जी ने  कहा कि हमारा उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, सहानुभूति और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस भव्य कार्यक्रम के सफल आयोजन में समन्वयक श्री विपिन मलिक एवं विद्यालय के समर्पित शिक्षकों की टीम का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *