हरिद्वार के कांगड़ी गांव में बोरोवेल हादसे का रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हुआ, नहीं बचा मनोहर।

दुर्घटना हरिद्वार

10 घंटे बाद रेस्क्यू पूरा, मनोहर की मौत; कांगड़ी गांव में शोक व गुस्सा, हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र के कांगड़ी गांव में बोरोवेल की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 55 वर्षीय व्यक्ति मनोहर उसके अंदर दब गया. घटना के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड के साथ NDRF और SDRF की टीमों ने करीब 10 घंटे तक लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. मिट्टी के बार‑बार खिसकने और तकनीकी दिक्कतों के चलते बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।आखिरकार मनोहर को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांगड़ी गांव के गली नंबर‑6 में हुआ।सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि बोरोवेल में पानी आने से ठीक पहले पाइप को ठोकने का काम चल रहा था. इसी दौरान तेज वाइब्रेशन (कंपन) हुआ, जिससे मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया. हादसे के वक्त दो लोग मौके पर मौजूद थे, जिनमें से एक सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि मनोहर मिट्टी के साथ अंदर ही फंस गया।


हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पहले SDRF और बाद में NDRF की टीम को भी बुलाया गया. फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें भी रेस्क्यू में जुट गईं. लगातार ढीली मिट्टी गिरने के कारण ऑपरेशन में भारी दिक्कतें आईं. जेसीबी मशीन से जब भी मिट्टी निकाली जाती, ऊपर से फिर मिट्टी गिर जाती, जिससे किसी बड़ी अनहोनी का खतरा बना रहा।
रेस्क्यू के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब जेसीबी मशीन का तेल खत्म हो गया और बचाव कार्य कुछ समय के लिए बाधित हो गया।इसके बाद टीम ने हाथों से मिट्टी हटाने का प्रयास शुरू किया. बाद में स्थिति को देखते हुए पोकलैंड मशीन भी मंगवाई गई, ताकि मिट्टी को सुरक्षित तरीके से हटाया जा सके।
रेस्क्यू में हो रही देरी से मनोहर के बाहर न निकल पाने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने कुछ देर के लिए हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया. मौके पर मौजूद पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *