उत्तराखंड में कल 19 मार्च को जहां अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई ,वहीं 20 मार्च के लिए भी मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं हरिद्वार,उधम सिंह नगर,टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, हरिद्वार और चम्पावत जनपदों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने ,ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है,मौसम का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर का कहना है कि उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, 20 मार्च को प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होगी। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। बिजली गिरने और ओलावृष्टि के भी आसार हैं। 21 मार्च के बाद विक्षोभ कमजोर पड़ेगा। अगले दो दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा से बचें और सतर्क रहें।

