ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन फाइनल में फिर पहुंचने पर उत्तराखंड के लक्ष्य सेन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। उत्तराखंड के 24 वर्षीय लक्ष्य सेन ने सेमीफाइनल में कनाडा के विक्टर लाई को कड़े मुकाबले में हराकर यह उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही वे इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के फाइनल में दूसरी बार पहुंचने वाले भारत के प्रकाश पादुकोण के बाद दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले वे 2022 में भी इस प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंचे थे। इस उपलब्धि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट कर बधाई संदेश में कहा है, “बर्मिंघम में आयोजित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के सेमीफ़ाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए @lakshya_sen जी को फ़ाइनल में स्थान सुनिश्चित करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।
उत्तराखंड के सपूत लक्ष्य ने अपने कठिन परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से उत्तराखंड सहित पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
फ़ाइनल मुकाबले के लिए आपको अनंत शुभकामनाएँ।”
लक्ष्य सेन और विक्टर लाई के बीच सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जो लगभग एक घंटा 37 मिनट तक चला। इस मैच में लक्ष्य सेन ने 21-16, 18-21, 21-15 के स्कोर से जीत दर्ज की।

मुकाबले के दौरान लक्ष्य सेन को अपने दाएं पैर की उंगली में दर्दनाक छाले की समस्या का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने धैर्य और रणनीति के साथ खेल जारी रखा।
निर्णायक गेम में लक्ष्य सेन ने संयम और आक्रामक शॉट्स का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। उन्होंने 15-9 की मजबूत बढ़त बना ली। हालांकि विक्टर लाई ने स्कोर 17-15 तक पहुंचाकर थोड़ी चुनौती दी, लेकिन लक्ष्य सेन ने लगातार चार अंक जीतकर मैच अपने नाम कर लिया और फाइनल में जगह पक्की कर ली।
ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप विश्व की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में से एक है।
भारतीय खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण ने 1980 में यह खिताब जीतकर इतिहास रचा था।
लक्ष्य सेन इससे पहले 2022 में भी ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंचे थे।
यह टूर्नामेंट बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) वर्ल्ड टूर का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अब फाइनल मुकाबले में लक्ष्य सेन का सामना चीनी ताइपे के खिलाड़ी लिन चुन यी से होगा। लिन चुन यी ने सेमीफाइनल में थाईलैंड के दूसरे वरीय खिलाड़ी कुनलावुत वितिदसर्न को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। हाल ही में इंडिया ओपन जीतने के कारण लिन भी शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में ऑल इंग्लैंड का फाइनल दो मजबूत खिलाड़ियों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला बनने की उम्मीद है।

