बहरीन में आयोजित कबड्डी यूथ एशियन गेम्स में भारतीय टीम में हुआ चयन
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक साथ प्रदेश के दो खिलाड़ियों का चयन पूरे राज्य के लिए गर्व की बात: महेश जोशी
16 अक्टूबर को दिल्ली से बहरीन रवाना होगें खिलाड़ी : चेतन जोशी
22 से 30 अक्टूबर को तृतीय यूथ एशियन गेम्स का आयोजन ओलम्पिक काउंसिल ऑफ एशिया द्वारा बहरीन में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में उत्तराखण्ड के एक बालक व एक बालिका का चयन भारतीय टीम के लिए किया गया है।
उत्तराखण्ड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि बालिका वर्ग में भूमिका जनपद हरिद्वार के निरंजनपुर (लक्सर) की रहने वाली है। बालक वर्ग में चयनित राहुल बोर वर्तमान में उधम सिंह नगर का निवासी है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक साथ प्रदेश के दो खिलाड़ियों का चयन पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
उत्तराखण्ड कबड्डी एसोसिएशन के सचिव श्री चेतन जोशी ने बताया कि दोनों खिलाड़ी दिनांक 16 अक्टूबर को दिल्ली से बहरीन रवाना होगें। उन्होंने बताया कि तृतीय यूथ एशियन गेम्स के लिए हरिद्वार में ही पहली बार प्रथम यूथ नैशनल कबड्डी चेम्पियनशिप 2025 का आयोजन किया गया था। यूथ एशियन गेम्स में पहली बार कबड्डी को सम्मलित किया गया है।
ओलम्पिक भारतीय टीम में राज्य के दो खिलाड़ियों के चयन पर भारतीय ऑलम्पिक संघ के पूर्व महासचिव श्री राजीव मेहता, उत्तराखण्ड कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेश जोशी, सचिव चेतन जोशी, उत्तराखण्ड ओलम्पिक संघ के महासचिव डॉ. डी. के. सिंह, उपाध्यक्ष स. मेजर सिंह, कबड्डी प्रशिक्षक ऋषिपाल सिंह, नितिन कुमार, गौरव उपाध्याय, विमल डबराल, आशीष कुमार, नरेन्द्र सिंह रौथाण, मनोज नेगी, दिनेश कैन्तुरा आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए टीम को शुभकामनाएं दी।


