स्वामी कैलाशानंद गिरी व श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने की मुख्यमंत्री धामी से शिष्टाचार भेंट,पहलगाम आतंकी हमले पर हुई चर्चा।

Dehradun उत्तराखंड
Listen to this article

निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद तथा मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने मंगलवार को राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की।  मुख्यमंत्री आवास में हुई भेंट के दौरान स्वामी कैलाशानंद गिरी व श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को माता की चुनरी ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया और राज्य की समृद्धि, शांति और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने स्वामी कैलाशानंद गिरी व श्रीमहंत रविंद्रपुरी का आदरपूर्वक स्वागत किया और कहा कि संत समाज का मार्गदर्शन हमेशा समाज को दिशा देता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं और संत समाज के कल्याण के लिए सतत कार्य कर रही है।
भेंट के दौरान जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले पर भी गंभीर चर्चा हुई। संतों ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे कायराना हरकत बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं धार्मिक यात्राओं की आस्था और सुरक्षा को चुनौती देने वाली हैं। मुख्यमंत्री धामी ने भी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश एकजुट है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही हो रही है। संतों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के तीर्थस्थलों पर बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए केंद्र व राज्य सरकारों को मिलकर ठोस रणनीति बनानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.