अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज मुंडाखेड़ा कलां, लक्सर (हरिद्वार) में सामाजिक विज्ञान महोत्सव आयोजित।विद्यालय में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल एवं सामाजिक विज्ञान विषय के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय स्तर पर सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा, ज्ञान एवं सृजनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थाध्यक्ष सुभाष चंद्र वरिष्ठ संकाय सदस्य, निर्णायक गण तथा कार्यक्रम संचालक महोदय द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। सामाजिक विज्ञान महोत्सव के अंतर्गत तीन प्रमुख प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें सामाजिक विज्ञान क्विज प्रतियोगिता, सामाजिक विज्ञान मॉडल एवं प्रदर्शनी प्रतियोगिता तथा सामाजिक विज्ञान भाषण प्रतियोगिता प्रमुख रहीं।

सामाजिक विज्ञान क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के विषयगत ज्ञान, सामान्य जागरूकता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं तार्किक चिंतन का आकलन किया गया। मॉडल एवं प्रदर्शनी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामाजिक विज्ञान से संबंधित विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक घटनाओं, भौगोलिक अवधारणाओं, लोकतांत्रिक व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक एवं आर्थिक विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, ऐतिहासिक एवं पर्यावरणीय विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से व्यक्त किए।प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन हेतु गठित निर्णायक मंडल में विनोद कुमार, ज्ञान प्रकाश शर्मा, श्रीमती सुषमा देवी, अमित कुमार एवं डॉ. नीतू रस्तोगी सहित अन्य शिक्षक सम्मिलित रहे। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का विभिन्न निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया तथा उनकी प्रतिभा एवं प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला समन्वयक सामाजिक विज्ञान डॉ. संतोष कुमार चमोला द्वारा किया गया। उन्होंने सामाजिक विज्ञान महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनमें आलोचनात्मक चिंतन, तार्किक क्षमता, नेतृत्व कौशल, आत्मविश्वास एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक विज्ञान केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को समाज, लोकतंत्र, इतिहास, भूगोल, अर्थव्यवस्था और अपने नागरिक दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान करता है। महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचारों को साझा करने तथा गतिविधि-आधारित शिक्षण के माध्यम से ज्ञान अर्जित करने का अवसर प्राप्त हुआ। कार्यक्रम ने विद्यालय में आनंददायी, सहभागितापूर्ण एवं अनुभवात्मक शिक्षण को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे सामाजिक विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में इशांत ने प्रथम स्थान, वंश सैनी ने द्वितीय स्थान तथा कन्हैया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में निदा ने प्रथम स्थान, राजनंदनी ने द्वितीय स्थान तथा अर्सलान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।जूनियर वर्ग में मोइन ने प्रथम स्थान, शाहनवाज ने द्वितीय स्थान तथा देवश्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।भाषण प्रतियोगिता में संगम में प्रथम स्थान, अर्सलान ने द्वितीय स्थान तथा मोहम्मद कैफ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 12 की छात्राओं द्वारा आकर्षक रंगोली का निर्माण भी किया गया।विद्यालय द्वारा विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं को अल्पाहार भी वितरित किया गया।
अंत में आयोजक मंडल ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, निर्णायक मंडल के सदस्यों एवं सहयोगी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।


