उत्कृष्ट कार्य के लिए हरिद्वार के सहायक अभियंता प्रवेश कुमार को राजभवन में राज्यपाल महोदय ने  प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Dehradun सम्मान हरिद्वार

हरिद्वार पहुंचने पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया स्वागत
देहरादून स्थित राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की पांच वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान हरिद्वार के प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग में तैनात सहायक अभियंता ई. प्रवेश कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने विभिन्न विभागों में अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने वाले अधिकारियों और कार्मिकों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता से ही सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, हरिद्वार में सहायक अभियंता के पद पर तैनात ई. प्रवेश कुमार विभागीय निर्माण एवं सड़क संबंधी कार्यों के संचालन और निगरानी से जुड़े दायित्व संभाल रहे हैं। हरिद्वार में लगातार बढ़ते यातायात, तीर्थयात्रियों की आवाजाही और आगामी बड़े आयोजनों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के कार्यों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में विभागीय कार्यों के बेहतर संचालन के लिए किए गए प्रयासों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। राजभवन में सम्मान मिलने के बाद बुधवार को हरिद्वार पहुंचने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रवेश कुमार का फूल-मालाओं से स्वागत किया। सहकर्मियों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए इसे हरिद्वार के लोक निर्माण विभाग के लिए भी गौरव का विषय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *