पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, मुंडाखेड़ा कलां, लक्सर, हरिद्वार की प्रथम वार्षिक विद्यालय पत्रिका “आरोहण” का गरिमामय वातावरण में विमोचन किया गया। यह पत्रिका विद्यालय की शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सह-पाठ्यचर्या संबंधी उपलब्धियों का सजीव दस्तावेज है। विद्यालय की इस प्रथम वार्षिक पत्रिका में विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की मौलिक रचनाओं को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इसके अतिरिक्त विद्यालय के संकाय सदस्यों द्वारा विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं बौद्धिक विकास के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर उपयोगी एवं प्रेरणादायी लेख प्रस्तुत किए गए हैं। पत्रिका विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
पत्रिका में विगत तीन वर्षों के दौरान पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालय में संचालित विविध शैक्षिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, नवाचार एवं कौशल विकास संबंधी गतिविधियों तथा विद्यालय के समग्र विकास हेतु किए गए उल्लेखनीय प्रयासों का विस्तृत विवरण भी प्रकाशित किया गया है। साथ ही विद्यालय की उपलब्धियों एवं नवाचारों को भी विशेष रूप से स्थान दिया गया है।
पत्रिका का प्रधान संपादन डॉ. संतोष कुमार चमोला द्वारा तथा सह-संपादन श्री विनोद कुमार यादव द्वारा किया गया।
पत्रिका के संस्कृत अनुभाग के संपादन एवं संकलन में डॉ. नीतू रस्तोगी, ज्ञान प्रकाश शर्मा तथा छात्रा तानिया पवार एवं छात्र प्रिंस ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
हिंदी अनुभाग में गीता रानी, सुषमा देवी, छात्रा कुमारी राजनंदनी तथा छात्र आयुष का उल्लेखनीय योगदान रहा।
अंग्रेजी अनुभाग में अनवारुल हुसैन, लीना शर्मा, छात्रा कुमारी पायल गौतम एवं छात्र विष्णु कुमार ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
पत्रिका के प्रकाशन में हरेंद्र सिंह रावत, संजीव कुमार तथा रीता चौधरी का भी विशेष सहयोग रहा, जिनके योगदान से इस महत्वपूर्ण प्रकाशन को सफलतापूर्वक मूर्त रूप दिया जा सका।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि “आरोहण” विद्यार्थियों में साहित्यिक अभिरुचि, रचनात्मक चिंतन, शोध प्रवृत्ति एवं ज्ञानार्जन की भावना को नई दिशा प्रदान करेगी तथा विद्यालय की उपलब्धियों को व्यापक समाज तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम सिद्ध होगी।
खंड शिक्षा अधिकारी, लक्सर विनोद कुमार ने पत्रिका का विमोचन करते हुए समस्त विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के इस विशेष प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी पत्रिकाएँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं अभिव्यक्ति का प्रभावी माध्यम होती हैं। मयूर दीक्षित जिलाधिकारी हरिद्वार ने पत्रिका का अवलोकन करते हुए विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई दी तथा अपने संदेश में कहा कि विद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करने में विद्यालय की वार्षिक पत्रिका का विशेष योगदान होता है। उन्होंने इसे विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी मंच बताया।
ललित नारायण मिश्र मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार ने शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि विद्यालय की वार्षिक पत्रिका उसके शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक होती है। यह केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की बौद्धिक उड़ान, रचनात्मक सोच एवं उनके विचारों को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का सशक्त अवसर प्रदान करती है।
अमित कुमार चंद, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) हरिद्वार ने विद्यालय के इस सराहनीय प्रयास के लिए हार्दिक बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के नवाचारी एवं रचनात्मक कार्य निरंतर करते रहने का संदेश दिया।
गंभीर अग्रवाल, सीएसआर हेड रिलैक्सो फुटवियर लिमिटेड ने भी विद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए विद्यालय में संचालित विविध शैक्षणिक, सहशैक्षिक एवं सृजनशील गतिविधियों की प्रशंसा की तथा भविष्य में भी ऐसे प्रयासों के लिए अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।

पत्रिका में विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की मौलिक रचनाओं को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। साथ ही संकाय सदस्यों द्वारा विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं बौद्धिक विकास के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर उपयोगी एवं प्रेरणादायी लेख भी प्रकाशित किए गए हैं। पत्रिका विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्ति प्रदान करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
पत्रिका के प्रधान संपादक डॉ. संतोष कुमार चमोला ने बताया कि “आरोहण” समस्त विद्यालय परिवार का एकीकृत एवं सामूहिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में विद्यालय को अटल उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में सीबीएसई से मान्यता प्राप्त होने के उपरांत संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सहशैक्षिक गतिविधियों तथा वर्ष 2024 में विद्यालय के पीएम श्री योजना में चयनित होने के पश्चात किए गए नवाचारों, उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट कार्यों का समग्र प्रतिफल इस पत्रिका के रूप में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पत्रिका विद्यार्थियों में साहित्य, शोध, लेखन एवं सृजनात्मक चिंतन के प्रति नई प्रेरणा का संचार करेगी तथा विद्यालय की उपलब्धियों को समाज के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत करेगी।


