मदर्स डे पर  शिवडेल स्कूल में आयोजित रक्तदान शिविर में प्रधानाचार्य सहित अनेक लोगों ने किया रक्तदान ।

शिक्षा स्वास्थ्य हरिद्वार

शिवडेल स्कूल के जगजीतपुर, कनखल स्थित परिसर में आज शनिवार को आध्यात्मिक संत एवं विद्यालय के चेयरमैन स्वामी शरदपुरी के पावन आशीर्वाद से माँ गंगे ब्लड सेंटर के सहयोग से विगत वर्षों की भांति विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शिक्षकों, अभिभावकों, युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर स्वामी शरदपुरी ने मदर्स डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “माँ केवल जन्म ही नहीं देती, बल्कि अपने त्याग, प्रेम और संस्कारों से जीवन को दिशा भी देती है।

संसार में माँ का स्थान सर्वोच्च है। जिस प्रकार माँ अपने बच्चों के लिए हर कठिनाई सहन करती है, उसी प्रकार रक्तदाता भी निस्वार्थ भाव से किसी अज्ञात व्यक्ति के जीवन को बचाने के लिए आगे आता है। रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।” उन्होंने सभी रक्तदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में ऐसे सेवाभावी लोगों के कारण ही मानवता जीवित है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। स्वामी जी ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में सेवा, करुणा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यालय के प्रधानाचार्य  अरविन्द बंसल  ने कहा कि शिवडेल स्कूल सदैव शिक्षा के साथ सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने रक्तदाताओं, अभिभावकों एवं सहयोगी संस्थाओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों और समाज में सेवा एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में रक्त की आवश्यकता निरंतर बढ़ रही है और ऐसे शिविर अनेक लोगों के जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा एवं मानवीय मूल्यों से जोड़कर एक जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सके।


शिविर में “माँ गंगे ब्लड सेंटर” से संदीप गोस्वामी, श्रीमती शालिनी सिंह,  रोबिन कलियाण एवं  कार्तिकेय राजपूत की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समन्वयक विपिन मलिक, विनीत मिश्रा, शिक्षक मनोरम शर्मा, शुभम सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *