उत्तरी हरिद्वार में खड़खड़ी हिल बाईपास मार्ग पर आज करीब 3.0 बजे am रात्रि में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। नई बस्ती खड़खड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित वन विभाग के बैरियर की तरफ से नीचे आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरे खड्ड में गिर गई। हादसे में कार सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज तड़के करीब 3 बजे खड़खड़ी में हिल बाईपास जो आगे जाने के लिए प्रतिबंधित है उसे पर कार संख्या यूके 08 एवाई 9378 तेज गति से नीचे आ रही थी। वन विभाग के बैरियर के पास चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे बनी मिट्टी की सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए सीधे खाई में जा गिरी।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार में फंसे पांचों युवकों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि कार में सवार सभी युवक कनखल क्षेत्र के निवासी हैं। फिलहाल घायलों के नामों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। यह दुर्घटना रिहायशी क्षेत्र के पास हुई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कार किसी घर या राहगीर से नहीं टकराई।

