मोतीचूर फ्लाईओवर के पास कल देर रात हुए भीषण सड़क हादसे दो लोगों की मृत्यु तथा कई घायल हुए, टक्कर के बाद वाहनों में लगी आग से लोग दहशत में आए।

दुर्घटना हरिद्वार

मोतीचूर फ्लाईओवर के पास कल रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें दो लोगों की मृत्यु हो गई तथा कई घायल हुए हैं ।

रायवाला थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में कई वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही देर में एक वाहन में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर चीख-पुकार मच गई और सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।



प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पर चल रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली को एक बस ने टक्कर मार दी , ट्रेक्टर ट्राली में झंडा साहब से लौट रहे लोग भरे हुए थे, जिससे वहां चीख पुकार मच गई। इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस, दो कारें और एक ट्राला एक के बाद एक आपस में टकरा गए। दुर्घटना में एक ट्रक, एक एसयूवी कार, एक डंपर और उत्तराखंड परिवहन निगम की बस भी शामिल बताई जा रही है। टक्कर के बाद कार में लगाइसीएनजी सिलेंडर फट गया, जिससे वाहन में आग लग गई और आग तेजी से फैल गई।

हरिद्वार एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के अनुसार दुर्घटना के दौरान बीच में फंसी एक वेगनआर कार में आग लग गई। कार में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही हरिद्वार और देहरादून पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हरिद्वार से फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत पहुंच गई, लेकिन हाईवे पर लगे लंबे जाम के कारण रायवाला से आने वाली टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दुर्घटना के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर और यातायात को डायवर्ट कर हाईवे को धीरे-धीरे सुचारू
कराया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ भी जमा हो गई थी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली में जरूरी सुरक्षा इंतजाम जैसे बैक लाइट या रिफ्लेक्टर नहीं लगे थे। अंधेरे में पीछे से आ रहे वाहनों को ट्रॉली का समय पर अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *