उत्तराखंड में यहां बड़े भाई ने छोटे भाई को स्टील के लोटे से पीटकर मार डाला।

Police अपराध उत्तराखंड

हल्द्वानी से एक दिल दहला देने वाली और खौफनाक हत्या की वारदात सामने आई है। बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 फरवरी की रात करीब 11 बजे आरोपी संदीप जायसवाल घर पहुंचा। घर आते ही उसका अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते झगड़ा हिंसक हो गया। गुस्से में बेकाबू संदीप ने पास में रखा स्टील का लोटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।

परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने सोनू को तख्त पर पटक-पटककर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला इतना क्रूर था कि सोनू लहूलुहान होकर मौके पर ही अचेत हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

घायल सोनू को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चोटें अत्यधिक गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी संदीप जायसवाल मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हत्या का मुकदमा दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस

मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।

इलाके में सन्नाटा

राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में इस घटना के बाद लोग स्तब्ध हैं। स्थानीय निवासियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
यह हत्याकांड न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि पारिवारिक रिश्तों की टूटती संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि हत्या की असल वजह और पृष्ठभूमि पूरी तरह सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *