भाजपा ने आदित्य राज सैनी को पार्टी से किया बाहर, कांग्रेस ने उठाया कानून व्यवस्था पर सवाल।

अपराध राजनीति हरिद्वार
कल ही उन पर पोक्सो सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ है मुकदमा।अब अनुमान है कि जल्द पुलिस आदित्य राज को गिरफ्तार भी कर लेगी।
आदित्य राज के घर काम करने वाली किशोरी का कल शव मिला था।वह तीन दिन से लापता थी। आरोप है कि आदित्य राज और उनका सहायक अमित सैनी किशोरी का शोषण कर रहे थे। भाजपा द्वारा जारी निष्कासन पत्र में कहा है –
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट जी के निर्देशानुसार श्री आदित्य राज सैनी पुत्र श्री नामू लाम (निवासी शन्तरशाह जिला रुड़की) प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, ओ.बी.सी मोर्चा को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।

(आदित्य कोठारी) प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी

वहीं इस मुद्दे पर उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेरा दसौनी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर धामी सरकार को आड़े हाथों लिया। दसौनी ने प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस वार्ता में कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है, उत्तराखंड जो देवभूमि के नाम से देश विदेश में ख्याति प्राप्त है ,वहां आए दिन महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है।दसौनी ने कहा कि बीते रोज हरिद्वार के बहादराबाद से जो खबर सामने आई है वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है, हरिद्वार के बहादराबाद में एक नाबालिग बच्ची के के साथ न सिर्फ गैंगरेप हुआ बल्कि दुष्कर्म के बाद उस बच्ची की नृशंस और जघन्य हत्या तक कर दी गई

गरिमा में कहा कि इस पूरे हत्याकांड को अंजाम सत्ता रूढ़ भाजपा के प्रधान पति अमित सैनी और ओबीसी आयोग के सदस्य आदित्य राज सैनी के द्वारा दिया गया। गरिमा ने कहा कि महिलाओं के साथ अपराध रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *