उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में आज शनिवार को एक बड़े सड़क हादसे में 08 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई। रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के पास एक इको वैन अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
वाहन में 12 लोग सवार थे, जिनमें से 8 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हुए हैं।
मृतकों में 7 महिलाएं और वाहन चालक अनिल देवराड़ा शामिल हैं। सभी मृतक और घायल भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं और रिखणीखाल में “दीदी-भुली” योजना के फॉर्म भरकर वापस लौट रही थीं। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल में भर्ती कराया गया है। वाहन का नंबर UK15 TA 2152 बताया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और जिला प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेज करने के साथ गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। मृतकों का विवरण-
कांति देवी (45 वर्ष, पत्नी दिनेश चंद्र निवासी भंगलवाड़).
रेखा देवी (42 वर्ष, पत्नी प्रेम सिंह निवासी भंगलवाड़).
सुमित्रा देवी (50 वर्ष, पत्नी रमेश सिह पता भंगलवाड़).
सुनीता देवी (45 वर्ष, पत्नी मदन सिह पता भंगलवाड़).
धनेश्वरी देवी (46 वर्ष, पत्नी किशन चन्द्र फता भंगलवाड़).
सरोजनी देवी (38 वर्ष, पत्नी मोहन सिंह निवासी भंगलवाड़).
रजनी देवी (उम्र 25 वर्ष, निवासी भंगलवाड़).
अनिल देबराड़ा (उम्र 48 वर्ष, पुत्र जयानंद निवासी भंगलवाड़)- चालक.
बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर वापस अपने गांव में जा रही थी, लेकिन बीच रास्ते में ही कलवाड़ी गांव के पास ये हादसा हो गया और 8 लोगों की जान चली गई. वहीं हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. घायलों को तुरंत पास के हॉस्पिटल भिजवाया गया. वहीं मृतकों का पंचनाम भरकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है,हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



