हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में कांगड़ी फ्लाईओवर पर रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार दो किशोरों की मौत हो गई. दोनों किशोर हरिद्वार के ही रहने वाले हैं. हादसे में जान गंवाने वाले दोनों किशोरों की उम्र महज 14 और 16 वर्ष थी. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया.कांगड़ी फ्लाईओवर पर लगातार हो रहे हादसे लोगों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं. इससे पहले भी यहां कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है. रविवार को दो किशोरों की एक साथ मौत ने फ्लाईओवर की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस के अनुसार, रविवार को दोनों किशोर स्कूटी से हरिद्वार से श्यामपुर की ओर जा रहे थे. जैसे ही वे कांगड़ी फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक कार से उनकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्कूटी और कर आगे की तरह से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसा होते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान कार्तिक अग्रवाल (16) पुत्र नवीन अग्रवाल निवासी कालीवाली हवेली, हरकी पैड़ी, हरिद्वार और कृष्णा राजपूत (14) पुत्र सोनू राजपूत निवासी शिवनगर, रानी गली, हरिद्वार के रूप में हुई है.
एक साथ दो किशोरों की मौत होने के बाद दो परिवारों के चिराग बुझ गए. उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है. दोनों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है.
श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कांगड़ी फ्लाईओवर पर कार और स्कूटी की टक्कर में दो किशोरों की मौत हुई है. दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. दुर्घटना में शामिल कार के संबंध में भी पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है.

