जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर जनपद हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।
कैडबरी डेयरी मिल्क चॉकलेट सहित दूध, पनीर व मावा के कुल 10 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिए गए, जबकि संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए
सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने अवगत कराया है कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पांडेय एवंजिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में आज जनपद हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि उपायुक्त गढ़वाल आर.एस. रावत के नेतृत्व में जगजीतपुर पुलिस चौकी के समीप दूध सप्लाई वाहनों एवं सराय रोड स्थित होलसेल एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खुले दूध के पांच नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए तथा बिना फूड लाइसेंस के कार्य कर रहे दो मिल्क सप्लायरों को नोटिस जारी किया गया।
कैडबरी डेयरी मिल्क चॉकलेट की शिकायत मिलने पर सराय रोड स्थित चॉकलेट डिस्ट्रीब्यूटर एजेंसी का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने स्टोरेज, चिलिंग चैंबर, सप्लाई वाहनों तथा संबंधित बैच नंबर से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच की। डिस्ट्रीब्यूटर को निर्देश दिए गए कि संबंधित बैच नंबर की बाजार में उपलब्ध सभी चॉकलेट तत्काल हटाई जाएं तथा अनुपालन रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उक्त बैच नंबर की चॉकलेट की बिक्री एवं आपूर्ति पर तत्काल रोक लगा दी गई और तापमान नियंत्रित वाहनों से ही चॉकलेट की आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए। मौके पर कैडबरी डेयरी मिल्क चॉकलेट के दो नमूने भी जांच हेतु लिए गए।


वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा द्वारा कनखल क्षेत्र स्थित डेयरियों एवं निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पनीर का एक तथा मावा का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया।
वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय ने रुड़की शहर के होटल एवं डेयरियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पनीर का एक नमूना लिया गया तथा होटल संचालकों को खाद्य निर्माण में केवल पैक्ड पनीर का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि इस अभियान के दौरान जनपद हरिद्वार में कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिए गए हैं। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।

