सनातन ज्ञान पीठ शिव मंदिर, सेक्टर-1 समिति द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के आठवें दिवस कथा स्थल पर ‘श्री गणेश विवाह’ एवं ‘श्री कार्तिकेय विवाह’ के प्रसंग का अत्यंत सुंदर व भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा व्यास परम पूज्य आचार्य महंत प्रदीप गोस्वामी जी महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के दोनों पुत्रों के विवाह तथा उनके अलौकिक चरित्र की कथा सुनाकर उपस्थित श्रद्धालुओं को आनंदित कर दिया।कथा के प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए पूज्य महाराज जी ने बताया कि जब श्री गणेश और श्री कार्तिकेय के विवाह की बात आई, तो शर्त रखी गई कि जो संपूर्ण पृथ्वी की परिक्रमा पहले करके आएगा, उसका विवाह पहले होगा। भगवान कार्तिकेय अपने वाहन मयूर पर सवार होकर पृथ्वी की परिक्रमा के लिए निकल पड़े। वहीं बुद्धि के दाता श्री गणेश जी ने अपनी कुशाग्र बुद्धि का परिचय देते हुए माता पार्वती और भगवान शिव की सात बार परिक्रमा की और कहा कि माता-पिता के चरणों में ही समस्त ब्रह्मांड का वास है।
महाराज जी ने बताया कि श्री गणेश की इस भक्ति और बुद्धि से प्रसन्न होकर महादेव और माता पार्वती ने उनका विवाह प्रजापति विश्वकर्मा की पुत्रियों रिद्धि और सिद्धि के साथ कराया, जिनसे उन्हें शुभ और लाभ नाम के दो पुत्र प्राप्त हुए।तत्पश्चात् महाराज जी ने श्री कार्तिकेय जी के विवाह का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि पृथ्वी की परिक्रमा से लौटने पर जब कार्तिकेय जी को गणेश जी के विवाह का समाचार मिला, तो वे क्रोंच पर्वत (श्रीशैल) पर चले गए। बाद में देवताओं और माता-पिता के आग्रह पर तथा धर्म की रक्षा हेतु भगवान कार्तिकेय का विवाह देवराज इंद्र की पुत्री देवसेना (देवयानी) के साथ अत्यंत उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।
कथा व्यास जी ने संदेश दिया कि भगवान शिव के दोनों पुत्रों के विवाह के प्रसंग हमें माता-पिता के प्रति आदर,भक्ति,कर्तव्यपरायणता और धर्म-रक्षा की सीख देते हैं।
कथा के समापन पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
कथा के दौरान मुख्य यजमान जे.पी. अग्रवाल व मंजू अग्रवाल सहित ब्रिजेश शर्मा,दिलीप गुप्ता,राम कुमार,जयप्रकाश, तेजप्रकाश,राकेश मालवीय, आदित्य गहलोत,अनिल चौहान, सुनील चौहान, मोहित शर्मा, मानदाता, हरिनारायण त्रिपाठी, दिनेश उपाध्याय,पंकज चौहान,मधुसूदन, अलका शर्मा, संतोष चौहान,पुष्पा गुप्ता,सरला शर्मा,अन्नपूर्णा, राजकिशोरी मिश्रा,रेनू शर्मा,कुसुम गैरा,भावना गहलोत,कौशल्या, मनसा मिश्रा, सुहानी गुप्ता, सुनीता चौहान एवं भारी संख्या में श्रद्धालु और उपस्थित रहे।


