खतरे के निशान के करीब बह रही हरिद्वार में गंगा, पहाड़ और मैदान में लगातार बारिश का असर देखने को मिल रहा है।

हरिद्वार मौसम एवं जलवायु

पहाड़ और मैदान में लगातार बारिश से बढ़ा गंगा का जलस्तर।

देर रात से पहाड़ से मैदान तक लगातार हो रही बारिश की वजह से हरिद्वार में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। भीमगोड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर बढ़कर चेतावनी स्तर को पार कर गया है और गंगा खतरे के निशान के करीब बह रही है। यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारियों के मुताबिक गंगा 293.10 मीटर पर बह रही है। जबकि खतरे का निशान 294 मीटर है। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश और गंगा के जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक पहाड़ों में लगातार बारिश के चलते गंगा में अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे हरिद्वार में भीमगोड़ा बैराज पर जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। सभी बाढ़ चौकियों को भी अलर्ट किया गया है। यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण ने बताया कि बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। सभी बाढ़ चौकियां अलर्ट पर हैं और लोगों से गंगा किनारे न जाने की अपील भी की गई है। आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पल पल की अपडेट आगे भेजी जा रही है। यदि बारिश लगातार होती रही तो, गंगा का जलस्तर बढ़ भी सकता है। सोमवार की देर शाम से तेज बारिश के चलते शहर में भी कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गयी। जिला प्रशासन, नगर निगम व अन्य संबंधित विभागों द्वारा जलनिकासी कराए जाने पर जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को राहत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *