लगभग 4 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना
मेरठ। ऐतिहासिक कांवड़ मेले के दौरान मेरठ शहर में लगभग 4 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन के बाद नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मेयर किरन जैसल ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर सफाई अभियान की निगरानी की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कांवड़ मेले के दौरान शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। मेले के दौरान उत्पन्न होने वाले कूड़े-कचरे को तत्काल हटाने, प्रमुख मार्गों, कांवड़ मार्गों, धार्मिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम के सफाईकर्मियों एवं अधिकारियों द्वारा लगातार कार्य किया गया। मेयर ने निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना की।
मेयर किरन जैसल ने कहा कि कांवड़ मेला मेरठ के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है और इस दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुविधा सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी रही है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शहर में आने के बावजूद सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम के अधिकारी, सफाई कर्मचारी एवं अन्य कर्मचारी दिन-रात पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहे, जो सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम ने कांवड़ मेले के दौरान अपनी जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता के साथ निभाया है। मेले के दौरान जिन क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्र हुआ, वहां विशेष टीमें लगाकर सफाई कराई जा रही है। उन्होंने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर सफाई अभियान का कार्य कराया और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।

मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेले के समापन के बाद भी विशेष सफाई अभियान लगातार जारी रखा जाए। शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, कांवड़ मार्गों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष ध्यान देते हुए सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कहीं भी कूड़ा-कचरा एकत्र न होने दिया जाए और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों एवं संसाधनों को भी लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी आयोजन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। नगर निगम का उद्देश्य मेरठ को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित शहर बनाना है। इसके लिए नगर निगम स्तर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
मेयर किरन जैसल ने नगर निगम के सभी अधिकारियों, सफाई निरीक्षकों,
अन्य कर्मचारियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम के कारण इतने बड़े आयोजन के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को संभालना संभव हो सका। उन्होंने सभी कर्मचारियों से इसी प्रकार पूरी जिम्मेदारी और सेवाभाव के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
उन्होंने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से भी अपील की कि स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। कूड़ा-कचरा सड़क पर न फेंकें और उसे निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और नगर निगम के सामूहिक प्रयासों से ही मेरठ को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प पूरा किया जा सकता है।
मेयर ने कहा कि नगर निगम प्रशासन कांवड़ मेले के बाद शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है और सफाई अभियान को प्रभावी ढंग से आगे भी जारी रखा जाएगा। शहरवासियों को बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी।
मौके पर मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, संजय शर्मा आदित्य तहस्वर आदि उपस्थित रहे।

