मेलाधिकारी ने एनएच के कार्यों की समीक्षा कर काम की गति बढ़ाने के दिए निर्देश
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण(एनएचएआई) के अधिकारियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ क्षेत्र में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को कार्यस्थलों पर संसाधनों की संख्या बढ़ाने तथा निर्माण सामग्री के परिवहन हेतु अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एचआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में मेलाधिकारी ने हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर, हरिद्वार-नगीना मार्ग तथा हरिद्वार क्षेत्र के प्रमुख चौराहों के सुधार से संबंधित परियोजनाओं सहित कुंभ क्षेत्र में एनएचएआई द्वारा संचालित अन्य कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण कार्यों के कारण हरिद्वार को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों पर यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है तथा सुचारु ट्रैफिक संचालन में व्यवधान आ रहा है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशकों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी करते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने आगामी कांवड़ यात्रा एवं कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए जगजीतपुर और बहादराबाद क्षेत्र में चल रहे एनएच परियोजना कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण कार्यो की वजह से कांवड़ यात्रा या कुंभ मेले के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कार्यों में अब किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही न हो।
उन्होंने सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य कराने तथा सभी एहतियाती उपाय अपनाने को कहा। साथ ही परियोजनाओं के अंतर्गत सौंदर्यीकरण एवं हरित आवरण बढ़ाने, तथा पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए कांवड़ यात्रियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में एनएच परियोजनाओं के अंतर्गत सुरक्षा एवं निर्बाध यातायात संचालन के सभी प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों के कारण कांवड़ यात्रा के दौरान कोई अव्यस्था एवं व्यवधान होता है तो संबंधित परियोजना अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी अधिकारी समय रहते आवश्यक एहतियाती कदम उठाना सुनिश्चित करें।
बैठक में एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल, प्रभागीय वनाधिकारी हरिद्वार स्वप्निल अनिरुद्ध, एसपी ट्रैफिक सुश्री निशा यादव, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डी.के.सिंह,सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह,परियोजना निदेशक एनएचएआई रुड़की विशाल गोयल,संतोष सहित एनएचएआई के अन्य अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।


