बीती रात उत्तरी हरिद्वार के दुधाधारी चौक पर देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से निकलकर एक विशालकाय जंगली हाथी अचानक सड़क पर आ धमका। इस चौक पर आमतौर पर यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है, ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन रात होने के कारण वहां कोई लोगों की आवाजाही नहीं थी इसलिए हाथी बिना किसी को नुकसान पहुंचाए वापस लौट गया। इसका विडियो वायरल हो रहा है।
हाथी को देखते ही हड़कंप मच गया कुत्ते भौंकने लगे, वहीं कई लोग हाथी का वीडियो बनाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी कुछ देर तक इधर-उधर भटकता नजर आया।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिसने काफी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया।
दुधाधारी चौक के एक तरफ राजाजी टाइगर रिजर्व और दूसरी ओर घनी आबादी के बाद गंगा से सटा वन क्षेत्र होने के कारण जंगली जानवरों का आबादी क्षेत्र में आना आम हो गया है। आज इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिससे लोग चिंतित हैं।

